Maharajganj Times

दीवार पर दर्द लिख गया पिता… और उजड़ गया पूरा घर, जिले में दिल दहला देने वाली घटना

अपराध
Sunday, 08 Mar, 2026
0
1563

 

पहले दो मासूम बच्चों की ली जान, फिर खुद फंदे से झूल गया; कमरे में मिला दर्द भरा संदेश, पारिवारिक कलह की आशंका

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिले के नौतनवा नगर में रविवार को एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। एक पिता ने अपने दो मासूम बच्चों की जान लेने के बाद खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। एक ही घर से तीन मौतों की खबर फैलते ही पूरे इलाके में मातम और सन्नाटा छा गया। भारत–नेपाल सीमा से सटे नौतनवा नगर पालिका के गांधीनगर वार्ड में रहने वाले अमरेश कुमार अपनी पत्नी वंदना कुमारी और दो छोटे बच्चों के साथ किराए के मकान में रहते थे। वंदना कुमारी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 66वीं वाहिनी मुख्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर तैनात हैं। बताया जा रहा है कि रविवार को वंदना रोज की तरह ड्यूटी पर चली गई थीं। घर में अमरेश अपने चार वर्षीय बेटी कंचन और तीन वर्षीय पुत्र अमरेंद्र के साथ था। इसी दौरान उसने पहले दोनों मासूम बच्चों का रस्सी से गला कस दिया। मासूमों की सांसें थमने के बाद उसने खुद भी कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। सुबह के समय घटना की जानकारी होने पर इलाके में हड़कंप मच गया। घर के अंदर का दृश्य देखकर लोगों की आंखें नम हो गईं। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही नौतनवा पुलिस और एसएसबी के अधिकारी मौके पर पहुंचे। कमरे की जांच के दौरान दीवार पर लिखा एक संदेश और सुसाइड नोट मिला, जिससे पारिवारिक कलह की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। वहीं इस हृदय विदारक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।

<